बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जनगणना 2027 में जनसहयोग बना मिसाल, बालोतरा के आदेश्वर नगर में परिवार ने किया प्रगणक का स्वागत

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। देशभर में चल रही जनगणना 2027 के तहत प्रगणक घर-घर जाकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में एक जागरूक नागरिक होने के नाते प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य बनता है कि वह सही और पूर्ण जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करे।
बालोतरा के आदेश्वर नगर कॉलोनी में रहने वाले कनु भाई गुजराती एवं उनके परिवार ने जनगणना कार्य में सराहनीय सहयोग देते हुए प्रगणक को अपने घर आमंत्रित किया, उनका स्वागत किया तथा जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था कर संतुष्टि पूर्वक सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई।
इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों ने कॉलोनी में प्रगणक के साथ घर-घर जाकर भी सहयोग किया और अन्य लोगों से सही जानकारी दिलवाने में मदद की। इससे प्रगणक का कार्य काफी आसान और सुचारु रूप से पूरा हो सका।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जनगणना देश के विकास और योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
सामाजिक रूप से भी यह संदेश दिया गया कि यदि किसी घर में लोग मौजूद नहीं हों या मकान बंद हो, तो पड़ोसी उनकी जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रहे।
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर पर आने वाले प्रगणकों को सही-सही जानकारी दें और अपने मोहल्ले, गली एवं कॉलोनी में भी जनजागरूकता फैलाएं। जनसहयोग और सहभागिता से ही जनगणना जैसे बड़े कार्य को सफल बनाया जा सकता है।

Subscribe to my channel


