देशधर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
पुरुषोत्तम मास में भक्ति और संस्कारों का सुंदर संगम, डॉ. ग्याशी राम गुप्ता ने किया तुलसी वितरण

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से भक्ति, संस्कार और संस्कृति का सुंदर वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह बच्चों द्वारा श्रद्धापूर्वक हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ सहभागिता निभाई।
संध्या काल में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जहां भक्तिमय गीतों और भगवान के जयघोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। महिलाओं ने कीर्तन के माध्यम से धर्म, संस्कार और परिवार में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. ग्याशी राम गुप्ता जी द्वारा श्रद्धालुओं को तुलसी पौधों का वितरण किया गया। उन्होंने तुलसी के धार्मिक, आयुर्वेदिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “तुलसी केवल एक पौधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वास्थ्य का प्रतीक है। प्रत्येक घर में तुलसी का होना सकारात्मक ऊर्जा और पवित्रता का संचार करता है।”
डॉ. ग्याशी राम गुप्ता जी ने बच्चों एवं महिलाओं को भारतीय संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ी को संस्कारवान बनाना है, तो उन्हें बचपन से ही धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।
पूरे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति, सेवा और संस्कारों के साथ सहभागिता निभाई तथा पुरुषोत्तम मास के महत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया। यह आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, पारिवारिक संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने का प्रेरणादायक माध्यम बनकर सामने आया।

Subscribe to my channel


