देशधर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर भिवाड़ी हुआ भगवामय, निकली भव्य शोभायात्रा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। विप्र सेना जिला खैरथल-तिजारा द्वारा आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह एवं भव्य शोभायात्रा ने रविवार को पूरे भिवाड़ी को भक्तिमय और परशुराममय वातावरण में रंग दिया। यूसीएसकेएम स्कूल में आयोजित इस विराट कार्यक्रम में समाज की एकता, संस्कृति, अनुशासन और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
भगवान परशुराम पूजन के बाद भगवान परशुराम चौक से यूसीएसकेएम स्कूल तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में करीब 400 चारपहिया वाहन, 100 बाइक, डीजे, भगवा ध्वज और भगवान परशुराम की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। यात्रा के दौरान पूरे शहर में जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। सभी विप्र बंधुओं के साफे बंधवाए गए तथा अनुशासन और सभ्यता के साथ यात्रा सम्पन्न कर समाज ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
शोभायात्रा में मुख्य अतिथि विप्र सेना प्रमुख सुनील तिवाड़ी, विशिष्ट अतिथि खैरथल ब्राह्मण सभा अध्यक्ष रामसिंह शर्मा, राष्ट्रीय सलाहकार विनय व्यास एवं चैतन्य मोहनाचार्य पीठाधीश्वर तिजारा खुली जीप में भगवान परशुराम की झांकी के साथ शामिल हुए।
समारोह स्थल पर जिला अध्यक्ष अशोक कौशिक, कार्यक्रम संयोजक एवं संरक्षक प्रभात कौशिक सहित विभिन्न ब्राह्मण सभाओं के अध्यक्षों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रिया शर्मा एवं कीर्ति शर्मा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया, वहीं रीमा कटारिया की टीम ने आकर्षक कत्थक प्रस्तुति दी।
जिला महासचिव धर्मेन्द्र गौतम ने समाज को तीन महत्वपूर्ण संकल्प दिलाते हुए सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और बच्चों को कौशल आधारित शिक्षा देने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित में विप्र सेना द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों, अतिथियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। जिले के लगभग 225 विद्यार्थियों, जिन्होंने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए या विभिन्न क्षेत्रों में चयन हासिल किया, उनका सम्मान कर उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि सुनील तिवाड़ी ने समाज की एकजुटता और ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथियों ने जिला अध्यक्ष अशोक कौशिक के नेतृत्व और समाज को संगठित करने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. नवनीता शर्मा ने किया। शोभायात्रा में भगवान परशुराम की झांकी स्वरूप ललित शर्मा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
इस अवसर पर विभिन्न ब्राह्मण समाजों एवं संस्थाओं के अनेक पदाधिकारी और हजारों की संख्या में विप्र परिवार उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष अशोक कौशिक ने सभी अतिथियों, समाज बंधुओं और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता बनाए रखने का संदेश दिया तथा सभी से भोजन प्रसादी ग्रहण करने का आग्रह किया।

Subscribe to my channel


