ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड: डुग्गर फाइबर कंपनी में लगी आग, समय रहते श्रमिकों को निकाला गया सुरक्षित

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी। भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित डुग्गर फाइबर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्लॉट नंबर 350 में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे प्लांट से धुएं के गुबार आसमान में छा गए। कंपनी में फाइबर निर्माण का कार्य होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं।

फायर ब्रिगेड कर्मी राजू खान ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए प्लांट में कार्यरत सभी मजदूरों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते श्रमिकों को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की करीब सात से आठ दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। हालांकि दमकल कर्मियों को फैक्ट्री तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फैक्ट्री के रास्ते में भारी वाहन खड़े होने के कारण दमकलों को निकलने में काफी समय लगा और राहत कार्य प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग नहीं होती तो राहत कार्य और तेजी से किया जा सकता था। भीषण गर्मी और फैक्ट्री में मौजूद फाइबर सामग्री के कारण आग लगातार भड़कती रही, जिससे अग्निशमन कर्मियों को आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई हैं। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब 1:15 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। स्थानीय पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button