ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भारत विकास परिषद शाखा भिवाड़ी ने कार्यकर्ताओं और प्रकल्प संयोजकों का जताया आभार

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। भारत विकास परिषद शाखा भिवाड़ी द्वारा वर्ष 2025-26 सत्र के सफल संचालन पर कार्यकर्ताओं एवं प्रकल्प संयोजकों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों ने पूरे वर्ष किए गए सेवा, संस्कार, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
सचिव अनिल सिंघल ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अध्यक्ष अमित नाहटा जैन ने परिषद के पांच सूत्रों को ध्यान में रखते हुए कुल 32 कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर पूरे वर्ष का कार्य कैलेंडर बनाया और टीम के सहयोग से सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।
पर्यावरण और स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेष पहल
परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण के तहत भिवाड़ी क्षेत्र में 10,000 कपड़े के थैलों का वितरण किया गया तथा 5,000 से अधिक पौधारोपण किया गया। वहीं स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत 2,240 महिलाओं की एनीमिया जांच कराई गई और तीन अन्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए।
सेवा कार्यों में भी रही सक्रिय भागीदारी
गरीब जरूरतमंद लोगों को गर्म कंबलों का वितरण, जल सेवा व्यवस्था, ट्राई साइकिल वितरण, गौशाला में गायों के लिए शेड निर्माण, रक्तदान शिविर तथा नाहटा फाउंडेशन के सहयोग से 11 कन्याओं का विवाह जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बच्चों और युवाओं के लिए संस्कार कार्यक्रम
बच्चों एवं युवाओं में संस्कार जागरण के लिए गीता व्याख्यान, महापुरुषों की जयंती, गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन, भारत को जानो प्रतियोगिता तथा गौशाला सहायता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय स्तर पर भिवाड़ी का नाम रोशन
इस सत्र में भिवाड़ी शाखा ने पहली बार राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर भिवाड़ी का नाम रोशन किया।
नई कार्यकारिणी को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अमित नाहटा जैन, सचिव अनिल सिंघल एवं कोषाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल ने सभी संयोजकों और सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष विमल पंडित, सचिव मुकेश गोयल और कोषाध्यक्ष हर्ष महेश्वरी को शुभकामनाएं दी गईं।

Subscribe to my channel

