खैरथल- तिजाराधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
भीषण गर्मी में जीवों के लिए संवेदनशील पहल: किशनगढ़ रोड पर पेड़ों पर लगाए परिंडे

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा। बढ़ती गर्मी और जल संकट के बीच जहां एक ओर इंसान परेशान है, वहीं बेजुबान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना बड़ी मानवीय जिम्मेदारी बन जाती है। इसी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए किशनगढ़ रोड स्थित खेरालिया भवन के पास स्थानीय युवाओं ने पेड़ों पर परिंडे (पानी के बर्तन) लगाकर सराहनीय पहल की। इस सामाजिक कार्य में बलवंत सिंह मेघवाल, यशपाल मेघवाल, धनेस सैनी, दिव्या, लवलेश, इशिका और नीकीता ने मिलकर भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर आसपास के पेड़ों पर परिंडे बांधे, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को पानी मिल सके और उनकी प्यास बुझाई जा सके। युवाओं ने बताया कि गर्मी के मौसम में पानी के अभाव में बड़ी संख्या में पक्षियों की जान पर बन आती है। ऐसे में यदि हर व्यक्ति अपने आसपास एक-एक परिंडा भी लगाए, तो यह एक बड़ा जनसेवा का कार्य हो सकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे आगे आएं और पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। छोटी-छोटी कोशिशों से ही बड़े बदलाव संभव हैं और इस तरह के प्रयास पर्यावरण संरक्षण व जीवों के प्रति दया भाव को बढ़ावा देते हैं।
इस पहल ने यह संदेश दिया कि इंसानियत सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं, बल्कि हर जीव के प्रति संवेदनशीलता ही सच्ची मानवता है।

Subscribe to my channel

