बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

ज्ञान दिशा स्कूल में दिवाली महोत्सव की धूम, बच्चों ने सजाया अनोखा मिनिएचर दिवाली बाजार

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा। ज्ञान दिशा स्कूल में 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को दो दिवसीय दिवाली महोत्सव हर्षोल्लास, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक, कलात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों, नाट्य अभिनय, चित्रकला, ड्राइंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, रंगोली निर्माण एवं दिवाली आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति, त्योहारों की परंपराओं और खुशियाँ बाँटने का संदेश दिया।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार किया गया भव्य ‘मिनिएचर दिवाली मार्केट’ रहा। इसमें विद्यार्थियों ने दिवाली बाजार का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत करते हुए विभिन्न प्रकार की दुकानें, सजावटी सामग्री, दीपमालाएँ, आतिशबाजी भंडार, मिनिएचर पटाखे और बाजार के सुंदर दृश्य तैयार किए। विशेष बात यह रही कि अधिकांश मिनिएचर मॉडल ईको फ्रेंडली एवं पुनः उपयोग योग्य सामग्री से बनाए गए थे। बच्चों की कल्पनाशीलता, बारीक कारीगरी और आकर्षक सजावट ने सभी को प्रभावित किया।

बच्चों ने पारंपरिक पटाखों के अनोखे विकल्प के रूप में चॉकलेट से बने खाने योग्य पटाखे एवं अन्य रचनात्मक वस्तुएँ भी तैयार कीं, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

समाजसेवी ओमप्रकाश बांठिया ने बताया कि *ग्रीन एवं इको-फ्रेंडली दिवाली* ‘ की अवधारणा पर आधारित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित एवं पर्यावरण हितैषी दिवाली मनाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विशाल पटवारी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, टीमवर्क, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button