बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

बालोतरा के अग्रसेन विद्यामंदिर में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता क्विज प्रतियोगिता आयोजित, टीम येलो रही विजेता

विद्यार्थियों को दिलाई गई ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाने की शपथ, तीन टीमों के बीच हुआ रोचक मुकाबला

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों को विकसित करने के उद्देश्य से 2 नवंबर 2026 को अग्रसेन विद्यामंदिर (श्री ए.वी.एम. इंग्लिश मीडियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल), बालोतरा में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अपर आयकर आयुक्त, रेंज-3 के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए आयकर अधिकारी श्री भंवर सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयकर विभाग के कर्मचारियों को सार्वजनिक जीवन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने तथा पारदर्शिता अपनाने की शपथ दिलाई।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की तीन टीमें बनाई गईं, जिनमें टीम रेड, टीम येलो और टीम ग्रीन शामिल थीं। प्रत्येक टीम में दो छात्राओं और एक छात्र सहित कुल तीन सदस्य रखे गए। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई, जिसमें 24 वस्तुनिष्ठ प्रश्न और 8 बजर राउंड के प्रश्न पूछे गए। इसके साथ ही बीच-बीच में ऑडियंस राउंड का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक रोचक बना दिया।

कड़े मुकाबले के बाद टीम येलो ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं टीम ग्रीन प्रथम रनर-अप तथा टीम रेड द्वितीय रनर-अप रही।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेणु राजपुरोहित सहित समस्त शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन आयकर निरीक्षक श्री ठाकुर अंजनी कुमार नीरज ने किया। इस दौरान कार्यालय अधिकारी श्री चंद्रवीर चारण एवं श्री अभय झांझड़िया ने भी आयोजन में सहयोग दिया।

कार्यक्रम के समापन पर आयकर विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अंत में आयकर अधिकारी श्री भंवर सिंह ने सफल आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button