उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
बस्ती मंडल में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की (सड़कों को छोड़कर) निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित परियोजनाओं की बिंदुवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने पैक्स फेड, सीएनडीएस, यूपीसिडको, सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी, आवास विकास निर्माण निगम, पुलिस आवास विकास निगम, राजकीय निर्माण निगम एवं राज्य पर्यटन निगम सहित सभी संबंधित संस्थाओं की परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सीएमआईएस पोर्टल पर लंबित परियोजनाओं के अद्यतन अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन स्तर से जल्द ही निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण प्रस्तावित है, जिसमें कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की जाएगी। ऐसे में सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर पर परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन, बजट और व्यय का विवरण पहले से तैयार रखें।
बैठक में मंडलायुक्त ने राज्य पर्यटन निगम द्वारा जनपद संतकबीरनगर में कराए जा रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 2 करोड़ रुपये के बजट के सापेक्ष अब तक मात्र 97 लाख रुपये ही खर्च किए गए हैं, जो संतोषजनक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा में परियोजनाओं को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सिद्धार्थनगर बलराम सिंह, संतकबीरनगर के जयकेश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-4 बस्ती दिनेश मोहन, एडी बेसिक संजय शुक्ल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


