देशधर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
सेवा का अनूठा संदेश—डॉ. ग्याशी राम गुप्ता ने पक्षियों के लिए चलाया व्यापक परिंडा अभियान

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी/बूढ़ी बवाल। भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान ही नहीं बल्कि बेजुबान पक्षी भी पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं समाजसेवी, गायत्री शक्तिपीठ भिवाड़ी के संरक्षक एवं योगी आर्मी के उपाध्यक्ष डॉ. ग्याशी राम गुप्ता द्वारा सेवा, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक अभियान निरंतर जारी है।
इसी क्रम में भिवाड़ी स्थित सीआईडी कार्यालय में सीआईडी इंचार्ज प्रीति राठौर एवं विकास जी के साथ मिलकर पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। इसके साथ ही अभियान को आगे बढ़ाते हुए बूढ़ी बवाल क्षेत्र के विवेकानंद स्कूल, न्यू टैगोर स्कूल, MMD स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में भी परिंडे स्थापित किए गए।
इस पहल की विशेष बात यह रही कि केवल परिंडे लगाने तक ही सीमित न रहकर बच्चों को भी सेवा और संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाया गया। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे भी अपने आसपास इस प्रकार के कार्य करते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि “छोटी-छोटी पहलें ही बड़े बदलाव की नींव रखती हैं। यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर एक परिंडा लगाए, तो अनगिनत पक्षियों को इस भीषण गर्मी में जीवनदान मिल सकता है।”
इस सेवा कार्य में गायत्री शक्तिपीठ टपूकड़ा के प्रभारी डॉ. रामावतार कौशिक, योगी आर्मी अध्यक्ष आशुतोष त्यागी, कोषाध्यक्ष मूल सिंह शेखावत, गौभक्त प्रीतम, गौभक्त सोनू दायमा, विवेकानंद स्कूल के डायरेक्टर रूपचंद यादव, न्यू टैगोर स्कूल के डायरेक्टर जगदीश यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सहयोगी मौजूद रहे।
डॉ. ग्याशी राम गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि “प्रकृति और जीवों की सेवा ही सच्चा धर्म है। हमें न केवल स्वयं ऐसे कार्य करने चाहिए, बल्कि नई पीढ़ी को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि समाज में सेवा और करुणा की भावना निरंतर बनी रहे।”
यह अभियान क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनता जा रहा है, जो यह संदेश देता है कि सच्ची समाजसेवा वही है, जो निस्वार्थ भाव से हर जीव के कल्याण के लिए की जाए।

Subscribe to my channel


