देशब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी में गैस संकट बरकरार: 45 दिन बाद भी सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, मजदूर वर्ग परेशान

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी। औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में घरेलू गैस की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। पिछले करीब डेढ़ महीने से चल रही समस्या अब भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। हालात यह हैं कि इंडियन गैस एजेंसी पर रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जहां आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर पाने के लिए घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह से ही लाइन में लगने के बावजूद कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। खासकर मजदूर और निम्न आय वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि प्रभावशाली लोगों को आसानी से सिलेंडर मिल जा रहा है, जबकि आम आदमी के हिस्से में सिर्फ इंतजार और निराशा ही आ रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गैस की कमी के चलते उनके घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। छोटे बच्चों और दैनिक मजदूरी करने वाले परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। “हम रोज लाइन में लगते हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलता। घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है,” एक उपभोक्ता ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया। वहीं, प्रशासन का दावा है कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य है। लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। लगातार बनी भीड़ और लोगों की परेशानी प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, कालाबाजारी और पक्षपात पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
स्थिति चिंताजनक भिवाड़ी जैसे औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की समस्या लंबे समय तक बने रहना न केवल आम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button