ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी में बीड़ा कार्यालय को सौंपा ज्ञापन, हैंडओवर की मांग को लेकर सोसाइटी निवासियों का प्रदर्शन

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी (राजस्थान)। बी डी आई सन शाइन सिटी भिवाड़ी की आरडब्ल्यूए (RWA) और सोसाइटी निवासियों ने रविवार को बीड़ा कार्यालय भिवाड़ी पहुंचकर सक्षम अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश कौशिक के नेतृत्व में सोसाइटी के लोगों ने राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश की पालना कराते हुए सोसाइटी का हैंडओवर कराने की मांग उठाई।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश कौशिक ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर ने एसबी सिविल रिट याचिका संख्या 8225/2024 में 12 फरवरी 2026 को फैसला सुनाते हुए बीड़ा के सक्षम अधिकारी द्वारा 20 मार्च 2024 को जारी किए गए रिव्यू आदेश को निरस्त (Quashed and Set Aside) कर दिया था। अदालत ने 20 फरवरी 2024 के डिक्री आदेश को सही ठहराते हुए सोसाइटी निवासियों के हित में निर्णय दिया।

कौशिक के अनुसार, 20 फरवरी 2024 को जारी आदेश में राजस्थान स्वामित्व अधिनियम 2015 की धारा 10 के तहत सोसाइटी के सभी दस्तावेज, प्रबंधन और धारा 19 के तहत पूरा लेखा-जोखा 15 दिनों के भीतर आरडब्ल्यूए को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन आरोप है कि बिल्डर और बीड़ा के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से इस आदेश को एक महीने बाद 20 मार्च 2024 को रिव्यू कर दिया गया, जिससे सोसाइटी के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।

उन्होंने बताया कि इस फैसले के खिलाफ सोसाइटी निवासी राजस्थान हाईकोर्ट, जयपुर पहुंचे, जहां अदालत ने 12 फरवरी 2026 को रिव्यू आदेश को निरस्त करते हुए सोसाइटी के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत के निर्णय के बाद सोसाइटी निवासियों में खुशी की लहर है।

इस बीच रविवार को जब सोसाइटी निवासी ज्ञापन देने बीड़ा कार्यालय पहुंचे तो मुख्य कार्यकारी अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे। इससे नाराज होकर सोसाइटी के लोग कार्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। बाद में बीड़ा के सक्षम अधिकारी ने उनका ज्ञापन स्वीकार किया।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के अनुसार सक्षम अधिकारी ने दो दिनों के भीतर हैंडओवर प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया है। सोसाइटी निवासियों का कहना है कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button