LIVE TVअपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन दिन में ध्वस्त हुआ अवैध फार्मा कारखाना, 60 करोड़ की नशीली दवाइयां बनाने वाला पाउडर जब्त

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी।

भिवाड़ी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी और मिसाल बनने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। हैरान करने वाला तथ्य यह सामने आया है कि खरानी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित APL फार्माकेम कंपनी मात्र तीन दिन पहले ही शुरू हुई थी, और इतने कम समय में ही अवैध रूप से नशीली दवाइयों का निर्माण कर उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। इससे पहले कि यह जहरीला कारोबार जड़ पकड़ता, भिवाड़ी फेज तृतीय थाना पुलिस ने SOG जयपुर और ATS गुजरात के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दिया।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 22.1 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनमें अल्प्राजोलम, टेमाजेपाम, प्राजेपाम एवं सनसेट येलो एफसीएफ जैसे खतरनाक रसायन शामिल हैं। इन नशीली दवाइयों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से कंपनी मालिक अशुल शास्त्री, संचालक अखिलेश मौर्य और केमिस्ट कृष्णा कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पूरी कार्रवाई जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राघवेंद्र सुहास आईपीएस, भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू के निर्देशन में की गई। वृताधिकारी कैलाश चौधरी के सुपरविजन और थानाधिकारी दारासिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई, जिससे आरोपी भागने का कोई मौका नहीं पा सके।

जांच में सामने आया है कि आरोपी फार्मा कंपनी की आड़ में नशीली दवाइयों का पाउडर बनाकर कैप्सूल के रूप में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो यह नशा युवाओं तक पहुंचकर गंभीर सामाजिक खतरा बन सकता था।

भिवाड़ी पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से न केवल अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि भिवाड़ी में नशे और अवैध धंधों के लिए कोई जगह नहीं है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button