उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
लालगंज (बस्ती) में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार गन्ना लदा ट्रॉला बाइक सवार युवकों को रौंदा, 1 की मौत, 2 घायल

संवाददाता अवधेश यादव
बस्ती, 15 दिसंबर 2025:
परिवहन विभाग और पुलिस की लापरवाही आम जनता पर भारी पड़ रही है। ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक और ट्राले अनियंत्रित ढंग से सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन द्वारा कभी-कभार ही कुछ वाहनों पर कार्रवाई की जाती है, जबकि ठेकेदार अपनी पहुंच और प्रभाव के चलते अधिकांश बार बच निकलते हैं। इसका खामियाजा आम जनता को अपनी जान देकर भुगतना पड़ता है।
ऐसा ही एक दर्दनाक मामला आज शाम लालगंज थाना अंतर्गत बनकटी बाजार में सामने आया। लगभग पौने सात बजे, सूर्यबक्स पाल इंटर कॉलेज के सामने तेज रफ्तार और अनियंत्रित गन्ना लदा ट्रॉला बाइक सवार युवकों को रौंदता हुआ चला गया।
जानकारी के अनुसार:
मुंडेरवा थाना क्षेत्र के कड़सरी गांव निवासी 18 वर्षीय अमन अपने साथी बुजेश (18) के साथ अपाची बाइक संख्या यूपी 51 बीयू 7991 से जा रहा था। जैसे ही वे सूर्यबक्स पाल इंटर कॉलेज के सामने पहुंचे, अनियंत्रित गन्ना लदा ट्रॉला बाइक को जोरदार टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ गया।
इस भीषण टक्कर में अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रॉला चालक घटना के बाद मौके से भागने लगा, लेकिन इसी दौरान भागते हुए ट्रॉले ने बाइक सवार एक अन्य युवक अजय, पुत्र स्व. मोहन, निवासी सजनाखोर (बनकटी मेन चौराहा) को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा बाइक पर सवार बुजेश भी दुर्घटना में घायल हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक अमन के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
नागरिकों की प्रतिक्रिया:
स्थानीय लोग प्रशासन और परिवहन विभाग की लापरवाही पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि गन्ना ढुलाई के ठेकेदारों की ऊपरी पहुंच के कारण अधिकांश बार कोई कार्रवाई नहीं होती, और बड़ी दुर्घटना होने पर ही प्रशासन सीमित कार्रवाई करता है।
Subscribe to my channel


