
ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
टपूकड़ा।
तिजारा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को हुई जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका टपूकड़ा से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ा निर्णय लिया गया। विधायक महंत श्री बालक नाथ योगी एवं तहसीलदार शैतान सिंह यादव द्वारा नगर हित में की गई पहल से नगरपालिका को लगभग 3.5 लाख रुपए का सीधा लाभ मिला है।
दरअसल, नगर पालिका टपूकड़ा की होल्डिंग का टेंडर पहले 1.5 लाख रुपए में स्वीकृत किया गया था। जनसुनवाई में स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों द्वारा यह मुद्दा उठाया गया कि टेंडर राशि बाजार दर की तुलना में कम है। इस पर विधायक महंत बालक नाथ ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश देते हुए टेंडर को निरस्त कर पुनः री-ओपन करने को कहा।
तहसीलदार शैतान सिंह ने भी जनहित में इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि बोली प्रक्रिया पारदर्शी और न्यायसंगत होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पाँच लाख रुपए की बोली लेने की बात तो की जा रही है, लेकिन इसकी औपचारिक पुष्टि भी आवश्यक है ताकि आगे कोई विवाद न रहे।
इस पर श्री श्याम प्रिंटिंग की ओर से प्रतिनिधि ने अपनी लेटरहेड पर ₹5,00,000 से बोली प्रारंभ करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसे अधिकारियों ने स्वीकार किया। इससे नगरपालिका को पहले की तुलना में 3.5 लाख रुपए का सीधा फायदा हुआ। अब टेंडर को दोबारा जारी किया जाएगा। अगले कुछ दिनों में दैनिक भास्कर या राजस्थान पत्रिका में इसका विज्ञापन प्रकाशित होगा और खुली बोली में कोई भी इच्छुक व्यक्ति हिस्सा ले सकेगा। सबसे ऊँची बोली लगाने वाले को ही यह कार्य आवंटित किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने विधायक महंत बालक नाथ तथा तहसीलदार शैतान सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय टपूकड़ा के हित में महत्वपूर्ण साबित होगा और राजस्व वृद्धि के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित करेगा।

Subscribe to my channel


