उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने विकास कार्यों की समीक्षा की, एक करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 19 नवंबर 2026। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय विकास कार्यों एवं एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस्ती, संतकबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर जनपदों में संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उनमें विशेष प्रयास कर कार्यों की गति बढ़ाई जाए।
एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और समय-समय पर गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। परियोजनाओं के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और कार्य में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान कराएं।
उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित परियोजनाओं को गति देने पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए तथा अधूरी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही बनाए रखना सुनिश्चित करें। इसके लिए नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण को प्रभावी बनाया जाए।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी तथा निर्माण कार्यों से संबंधित समीक्षा का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी संतकबीर नगर अनुज मलिक, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, संतकबीर नगर के जयकेश त्रिपाठी, सिद्धार्थनगर के बलराम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, वरिष्ठ सहायक सुहैल अहमद सहित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के मंडलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


