गाबा चौक से गल्ला मंडी तक अतिक्रमण पर भड़के विधायक शिव अरोरा, बोले- सर्विस रोड को रामपुर जैसे मत बनाओ, नहीं तो खोखे भी हटेंगे,गरीब परिवार के एकमात्र कमाने वाले की सड़क हादसे में मौत के बाद विधायक ने पुलिस अधिकारियों संग किया पैदल निरीक्षण, मौके पर हटवाया अतिक्रमण; बोले- अतिक्रमणकारी नहीं माने तो चालान होंगे, सामान भी जब्त होगा
MLA Shiv Arora lashed out at encroachment from Gaba Chowk to Galla Mandi, saying, "Don't make the service road like Rampur, or the kiosks will also be removed." Following the death of a poor family's sole breadwinner in a road accident, the MLA conducted a foot inspection with police officers and had the encroachment removed on the spot. He said, "If encroachers don't comply, they will be fined and their goods will also be confiscated."

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
रुद्रपुर। गाबा चौक के पास ट्रक की टक्कर से सुभाष कॉलोनी निवासी एक गरीब दिहाड़ी मजदूर की दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। हादसे के बाद परिजनों ने सर्विस रोड पर लंबे समय से किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को इस दुर्घटना की प्रमुख वजह बताते हुए नाराजगी जताई। परिजनों का कहना था कि गाबा चौक से गल्ला मंडी तक सर्विस रोड पर कबाड़ियों, स्क्रैप कारोबारियों और वाहन वॉशिंग सेंटर संचालकों ने इस कदर कब्जा कर रखा है कि दोपहिया वाहन और पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी रास्ता नहीं बचता। मजबूरी में लोगों को हाईवे पर चलना पड़ता है, जो जानलेवा साबित हो रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा पुलिस अधिकारियों और मृतक के परिजनों के साथ गाबा चौक से गल्ला मंडी तक पैदल निरीक्षण पर निकले। इस दौरान सर्विस रोड की बदहाल स्थिति और जगह-जगह किए गए अतिक्रमण को देखकर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही अतिक्रमणकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सर्विस रोड को रामपुर मत बनाओ, अन्यथा सड़क पर रखे खोखे भी हटवा दिए जाएंगे। सड़क और नाले तक कब्जा करके आम जनता की आवाजाही बाधित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्विस रोड पर दोबारा कोई भी वाहन, कबाड़, दुकान का सामान अथवा अन्य अवरोध दिखाई नहीं देना चाहिए। अतिक्रमण करने वालों के तत्काल चालान किए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर उनका सामान जब्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कोई कारोबार करने की खुली छूट नहीं है कि अपनी सुविधा के लिए पूरी सर्विस रोड पर कब्जा कर लें और आम नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर हाईवे पर चलने को मजबूर हों।

विधायक शिव अरोरा ने मौके पर ही सर्विस रोड को अतिक्रमण से खाली करवाया और पुलिस को निर्देशित किया कि आगे भी नियमित रूप से इसकी निगरानी की जाए। उन्होंने क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खुले कटों को भी बंद करवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।
इसके साथ ही विधायक शिव अरोरा ने गाबा चौक पर नाले के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को भी गंभीरता से लेते हुए एनएच के पीडी अंचल जिंदल से वार्ता की। उन्होंने नाले के शेष निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि नाले का निर्माण पूरा होने के साथ ही वहां की सर्विस रोड को भी सुचारु रूप से चालू किया जा सके और स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक ने स्पष्ट किया कि सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ-साथ अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराना भी प्राथमिकता है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।

इस दौरान विधायक ने मृतक के परिवार से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वह पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि एक गरीब परिवार के उस व्यक्ति की मौत बेहद दुखद है, जो अपने परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था। इस घटना ने सर्विस रोड पर फैले अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था की गंभीर समस्या को उजागर किया है। आम जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि सर्विस रोड जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए है, किसी के निजी कारोबार का गोदाम या पार्किंग स्थल नहीं। अब अतिक्रमण करने वालों को पहले की तरह मनमानी नहीं करने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी वैभव सैनी, कोतवाल संजय पाठक, बाजार चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, सुनील यादव, सुनील सिंह, विकास सागर, मयंक कक्कड़, प्रमोद साहनी, राज कोली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


