उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक में निवेश और रोजगार पर जोर, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 31 अगस्त 2026। मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त सभागार में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मण्डल के तीनों जनपदों में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति तथा उद्यमियों की समस्याओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से मण्डल स्तर पर बड़े पैमाने पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर निवेश को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों को इकाइयों की स्थापना, निवेश एवं स्वरोजगार में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

353 निवेशकों ने किया 5036.58 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव

संयुक्त आयुक्त उद्योग बस्ती मण्डल गौरव मिश्र ने बैठक में निवेश प्रस्तावों की जानकारी देते हुए बताया कि बस्ती जनपद में 183 इकाइयों द्वारा 2206.20 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश प्रस्तावित है, जिससे 7138 व्यक्तियों को रोजगार मिलने की संभावना है।

इसी प्रकार सिद्धार्थनगर में 72 इकाइयों द्वारा 2266 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से 5812 व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। वहीं संतकबीरनगर में 98 इकाइयों द्वारा 564.38 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है, जिससे 2949 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

इस प्रकार बस्ती मण्डल में कुल 353 निवेशकों द्वारा 5036.58 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश का प्रस्ताव है, जिसके परिणामस्वरूप 15,899 व्यक्तियों को रोजगार प्रस्तावित है।

अधिकारियों ने बताया कि इन प्रस्तावों के सापेक्ष मण्डल में अब तक 310 निवेशकों के 2787.28 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर आ चुके हैं, जिसके परिणामस्वरूप 10,825 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त हुआ है।

स्वरोजगार योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में मण्डलायुक्त ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, ओडीओपी वित्त पोषण योजना तथा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों की गहन समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऋण से संबंधित पत्रावलियों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलम्ब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप धीमी है, उनके संबंधित अधिकारी आपस में बैठक कर एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।

उद्यमियों ने रखीं विद्युत और कूड़ा निस्तारण समेत कई समस्याएं

बैठक के दौरान उद्यमियों ने विद्युत व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण तथा इंडस्ट्रियल एरिया खलीलाबाद में पुलिस चौकी की आवश्यकता सहित अन्य समस्याओं को मण्डलायुक्त के समक्ष रखा। मण्डलायुक्त ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से संबंधित कोई प्रकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।

ये अधिकारी एवं उद्यमी रहे मौजूद

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, उपायुक्त उद्योग बस्ती राजेश रोमन, उपायुक्त उद्योग संतकबीरनगर विनोद वर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग सिद्धार्थनगर मनीष कुमार, एसई विद्युत बस्ती मो. खालिद, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव एच.सी. शुक्ल, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश इंडस्ट्री एसोसिएशन अरविन्द पाठक, हेमन्त तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button