खेलबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर में श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग-2026 की घोषणा, रेलवे ग्राउंड में 27 सितंबर से होगा भव्य आयोजन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 30 अगस्त। राजस्थान श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित होने वाली श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग (GGPL)-2026 की रविवार को होटल उत्सव में विधिवत घोषणा की गई। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष जाजड़ा के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जिलेभर से आए युवा क्रिकेट प्रेमियों, समाज के गणमान्य लोगों और पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री महर्षि गौतम के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद GGPL-2026 के टूर्नामेंट पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान युवाओं में क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष जाजड़ा एवं टूर्नामेंट संयोजक वासुदेव उपाध्याय ने बताया कि GGPL-2026 का भव्य शुभारंभ 27 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे बीकानेर रेलवे ग्राउंड में किया जाएगा। टूर्नामेंट में बीकानेर जिले की युवा शक्ति टेनिस बॉल क्रिकेट के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
आयोजन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 1 सितंबर 2026 से शुरू होंगे, जबकि रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। टीमों के बीच मुकाबलों का निर्धारण करने के लिए 20 सितंबर 2026 को टीम लॉटरी आयोजित की जाएगी, जिसमें यह तय होगा कि कौन-सी टीम किस टीम के साथ मुकाबला करेगी।
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में जिस प्रकार का जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे बीकानेर जिले से करीब 50 से 60 टीमों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए संयोजक के साथ एक कमेटी का गठन किया जाएगा और आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियां युवाओं को सौंपी जाएंगी।
मनीष जाजड़ा का किया स्वागत-अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मनीष जाजड़ा का समाज के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों की मौजूदगी में माला एवं साफा पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान युवाओं ने जाजड़ा के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर खुशी जताई और उनके नेतृत्व में क्रिकेट गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद व्यक्त की।
कार्यक्रम में बीकानेर जिले से बड़ी संख्या में युवा क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। इस अवसर पर बिरजू प्यार, अमित जोशी, रविंद्र जाजड़ा, रामेंद्र शर्मा, जयराम उपाध्याय, प्रहलाद जोशी, संदीप उपाध्याय, रामदेव उपाध्याय, वासुदेव उपाध्याय और राजू चानी सहित समाज के अनेक युवा एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महादेव उपाध्याय ने सभी अतिथियों, युवा खिलाड़ियों, समाज के प्रबुद्धजनों, पत्रकारों एवं खेल प्रेमियों का हृदय से स्वागत और आभार व्यक्त किया।
GGPL-2026 को लेकर युवाओं में बढ़ते उत्साह को देखते हुए आगामी दिनों में बीकानेर में टेनिस बॉल क्रिकेट का यह आयोजन बड़े स्तर पर होने की उम्मीद जताई जा रही है।



Subscribe to my channel


