उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
डारीडीहा में विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता शिविर आयोजित

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 अगस्त 2026। ग्रामीण नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय डारीडीहा में विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), बस्ती के सचिव देवेंद्र कुमार-प्रथम के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर कानूनी जानकारी प्राप्त की।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न कानूनी अधिकारों और सरकारी विधिक सेवाओं की जानकारी दी। टीम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलजा पाण्डेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल नीतीश कुमार श्रीवास्तव तथा पैरालीगल वालेंटियर बृजबासी लाल शुक्ला, प्रसाद मौर्या, अरविन्द कुमार यादव और अनिल शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, सूचना का अधिकार (RTI) सहित विभिन्न कानूनी विषयों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर DLSA से संपर्क करें और उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सेवाओं का लाभ उठाएं। पैरालीगल वालंटियर टीम ने भी ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया।
ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के अध्यक्ष प्रभाकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जानकारी के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता का लाभ नहीं उठा पाते हैं। संस्था का प्रयास ऐसे लोगों तक सही कानूनी जानकारी पहुंचाकर उन्हें न्याय की प्रक्रिया से जोड़ना है।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव सच्चिदानंद शुक्ल, कोषाध्यक्ष राम कृष्ण पटेल, वालेंटियर अब्दुर रहीम एवं दिलीप वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में ग्राम पंचायत डारीडीहा के सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय डारीडीहा के प्रभारी सुजीत कुमार का विशेष सहयोग रहा।

Subscribe to my channel


