उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में कलवारी-रामपुर तटबंध का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, बाढ़ से बचाव कार्यों का लिया जायजा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 22 अगस्त 2026। जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को कलवारी-रामपुर तटबंध के किमी 9.00 के निकट ग्राम बैराड़ी एहतमाली के पुरवा मदरहवा क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति, जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से बाढ़ बचाव एवं कटानरोधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि क्षेत्र में पानी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। तटबंध की सुरक्षा के लिए बाढ़ बचाव एवं कटानरोधी कार्य कराए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में इन कार्यों के चलते ग्राम क्षेत्र और तटबंध सुरक्षित स्थिति में हैं।
जिलाधिकारी ने तटबंध की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंध की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की समस्या अथवा क्षति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तटबंध एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ दिनेश कुमार, सहायक अभियंता सत्येन्द्र कुमार गौतम, बृजेश सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


