देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

हर्षाैल्लास के साथ 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह कार्यक्रम आयोजित

जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने किया ध्वजारोहण* *उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों एवं समाजसेवियों को किया सम्मानित

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 15 अगस्त। 80 वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह श्निवार को महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम में आयोजित किया गया। हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने प्रातः 9.00 बजे ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, स्वाभिमान और उमंग का प्रतीक बताते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा में तत्पर वीर जवानों को नमन किया।

जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने कहा कि 14 अगस्त 1947 की मध्य रात्रि को स्वाधीनता का जो सूर्य उदित हुआ था, वह 79 वर्षों की निरंतर यात्रा के बाद आज और अधिक प्रकाशमान और तेजोमय हो चुका है। यह दिवस केवल तिरंगा फहराने और उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं तपस्या को स्मरण करने का दिन है, जिनके बलिदान से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नए जिले के रूप में बालोतरा का गठन क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर, आर्थिक क्षमता और प्रशासनिक सुगमता की दिशा में नया अध्याय है। पचपदरा में नवनिर्मित पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी ने बालोतरा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है। हमारा लक्ष्य बालोतरा को केवल प्रशासनिक इकाई तक सीमित न रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाना है।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन के जीवन को सुगम, सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी फ्लैगशिप योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पीएम कुसुम योजना और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से किसानों एवं शहरी परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बालोतरा जिला लाडो प्रोत्साहन योजना, स्वच्छ भारत मिशन और हरियालो राजस्थान मिशन जैसी योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा जल संचय को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत जन्म से उच्च शिक्षा तक 1.5 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। वहीं लखपति दीदी, नमो ड्रोन दीदी, सोलर दीदी और बैंक सखी जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।

श्री यादव ने कहा कि जिले के पांच विशिष्ट उत्पादों, वनस्पतियों एवं धरोहरों को पहचान कर उन्हें पंच गौरव के तहत नई ब्रांडिंग एवं बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के राजकीय छात्रावासों में इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण हुई है। इस उपलब्धि के साथ बालोतरा जिले ने राज्य में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की अगस्त 2026 की पीजी प्रोग्राम रिव्यू समीक्षा बैठक में 50 में से 35 अंक प्राप्त कर बालोतरा जिले ने पश्चिमी राजस्थान में प्रथम तथा पूरे प्रदेश में संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है।

जिला कलक्टर ने कहा कि पहली बार स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह महात्मा ज्योतिबा फुले स्टेडियम में आयोजित किया गया है। स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, ओपन जिम सहित विभिन्न खेल सुविधाओं के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला मुख्यालय पर एक भव्य स्टेडियम का कार्य पूर्ण होगा। इससे जिले के आम नागरिकों, युवाओं और खिलाड़ियों को स्वास्थ्य एवं खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि बच्चों ने जिस देशभक्ति, उत्साह और अनुशासन का प्रदर्शन किया है, वह वास्तव में अभिभूत करने वाला है। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे नए बालोतरा जिले की नींव और आने वाले कल के शिल्पकार हैं। उनका ज्ञान, सोच और मेहनत ही जिले को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जातिवाद, क्षेत्रवाद और संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर बालोतरा को स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित और विकसित जिला बनाने का संकल्प लें। सभी नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और देश के तिरंगे की शान को सदैव ऊंचा रखें।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में आरएसी, पुलिस, एनसीसी एवं स्काउट के छात्र छात्राओं के द्वारा परेड आयोजित की गई। इसके पश्चात् उपखंड अधिकारी राजेश कुमार ने माननीय राज्यपाल महोदय के सन्देश का पठन किया गया।

समारोह के दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कॉवट, पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षण संस्थाओं के बालक-बालिकाओं के द्वारा व्यायाम प्रदर्शन किया गया। विद्यालय के छात्र छात्राओं ने देशभक्ति गीत, राजस्थानी संस्कृति आधारित कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति देते हुए दर्शकों का ध्यानाकर्षण किया। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के विभिन्न विषयों से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। जिसे जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने पारितोषित देकर सम्मानित किया।

अन्त में राष्ट्रगान के साथ प्रातः कालीन कार्यक्रम समाप्त हुआ।

समारोह में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, पूर्व राजस्व मंत्री अमराराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी, जन प्रतिनिधि, पार्षदगण, जिले के शहीदों एवं स्वतन्त्रता सैनानियों के परिजन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button