LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

ऑपरेशन कनविक्शन के तहत खीरी में दो मामलों में दोषियों को सजा, चोरी की बाइक के आरोपी को 2 साल की सजा

 

रिपोर्ट: वैद्यराज संजय पांडेय,स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश

मोबाइल: 7376 3261 75

लखीमपुर खीरी, 11 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन कनविक्शन” अभियान के तहत जनपद खीरी में पुलिस की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध आरोपियों को सजा सुनाई गई।

पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निकट पर्यवेक्षण तथा मॉनिटरिंग सेल एवं अभियोजन विभाग की प्रभावी पैरवी के चलते दोनों मामलों में न्यायालय ने दोषियों को दंडित किया।

चोरी की मोटरसाइकिल बरामदगी मामले में 2 वर्ष का सश्रम कारावास

वर्ष 2018 में थाना कोतवाली सदर क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने के मामले में हासिम उर्फ मामा पुत्र हसमत अली निवासी महेवागंज, थाना कोतवाली सदर, जनपद खीरी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 1322/2018, धारा 411/413/414/379 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल चार गवाहों की गवाही न्यायालय के समक्ष कराई गई। साक्ष्यों और गवाहों के परीक्षण के बाद 11 अगस्त 2026 को ADJ-02 कोर्ट, खीरी ने हासिम उर्फ मामा को धारा 411 भादवि में दोषसिद्ध करते हुए 2 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 5,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं धारा 379/413/414 भादवि में उसे दोषमुक्त किया गया।

इस मामले में प्रभावी पैरवी के लिए लोक अभियोजक श्री प्रभाकर ब्रह्म तथा कोर्ट पैरोकार कांस्टेबल आसिफ अली का विशेष योगदान रहा।

3 किलो गांजा बरामदगी मामले में 4 माह की सजा

दूसरे मामले में वर्ष 2020 में थाना मितौली पुलिस ने अरुण कुमार पुत्र फूलचन्द्र वर्मा निवासी ग्राम ओदरहा, मितौली, जनपद खीरी के कब्जे से 3 किलो अवैध गांजा बरामद किया था। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 388/2020, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले में आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद 11 अगस्त 2026 को ADJ-FTC NEW कोर्ट, खीरी ने अरुण कुमार को दोषसिद्ध करते हुए 4 माह के सश्रम कारावास एवं 2,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।

इस मामले में लोक अभियोजक श्री संदीप मिश्रा एवं कोर्ट पैरोकार कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार का विशेष योगदान रहा।

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन कनविक्शन के तहत अपराधियों को न्यायालय से प्रभावी पैरवी के माध्यम से सजा दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button