ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी में शर्मनाक घटना: कचरे के ढेर में स्कूल बैग में मिली नवजात बच्ची, राहगीर ने बचाई जान

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, 4 अगस्त। भिवाड़ी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। शहर में कचरे के ढेर के बीच एक स्कूल बैग में नवजात बालिका को छोड़ दिया गया। समय रहते एक राहगीर की सतर्कता और मानवता के चलते मासूम की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर जा रहे एक व्यक्ति की नजर कचरे के ढेर में पड़े एक स्कूल बैग पर पड़ी। बैग में हलचल होने पर उसने उसे खोलकर देखा तो अंदर एक नवजात बच्ची रोती हुई मिली। यह दृश्य देखकर वह तुरंत बच्ची को बैग से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले गया और बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद राहगीर बच्ची को तत्काल भिवाड़ी जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसकी प्राथमिक जांच और उपचार किया। जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. सागर अरोड़ा ने बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। प्रारंभिक जांच के आधार पर बच्ची नवजात प्रतीत होती है और उसकी हालत फिलहाल सामान्य है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। वहीं, राहगीर की सतर्कता और संवेदनशीलता के कारण एक मासूम की जान बच गई, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और दोषियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

Subscribe to my channel


