अपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अमेजन का 80 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद
कहरानी गांव से दो आरोपी गिरफ्तार, 1000 रिटर्न पैकेटों की चोरी का खुलासा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (आईपीएस) के निर्देशन में भिवाड़ी फेज-3 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कहरानी गांव से अमेजन कंपनी का करीब 80 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में युनूस और असलम नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन लाल मीना एवं वृत्ताधिकारी कैलाश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कहरानी स्थित बावरियों की ढाणी में छापेमारी की। पुलिस ने युनूस और उसके भाई असलम के मकान तथा टीनशेड की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अमेजन कंपनी का नया इलेक्ट्रॉनिक और घरेलू उपयोग का सामान बरामद हुआ।
बरामद सामान में मोबाइल फोन, आईफोन, मैकबुक, टैबलेट, लैपटॉप स्क्रीन एक्सटेंडर, एयर फ्रायर, ओवन, सिलाई मशीन, वाटर डिस्पेंसर, इन्वर्टर, गीजर, पंखे, गेमिंग मॉनिटर, व्हीलचेयर, ट्रॉली बैग, साइकिल, जिम उपकरण, बच्चों के खिलौने और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। आरोपियों से सामान के संबंध में कोई वैध बिल या स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भिवाड़ी फेज-3 थाना में बीएनएस की धारा 303(2) एवं 317(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी युनूस पिछले 4-5 वर्षों से अमेजन कंपनी के डिलीवरी नेटवर्क में स्टेशन मैनेजर के रूप में कार्यरत था। जांच के अनुसार 8 जून से 28 जून 2026 के बीच ग्राहकों द्वारा लौटाए गए करीब 8500 पैकेट वेयरहाउस भेजे जाने थे, जिनमें से लगभग 1000 पैकेट आरोपी कथित रूप से चोरी कर अपने घर ले गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी रिटर्न पैकेटों में हेराफेरी कर कीमती सामान निकालकर उसकी जगह रिजेक्ट सामान रख देता था और रिकॉर्ड में ग्राहक द्वारा पार्सल स्वीकार नहीं करने की एंट्री कर देता था। पुलिस अब इस पूरे चोरी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

Subscribe to my channel


