ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भारत विकास परिषद भिवाड़ी ने श्रद्धा से मनाई डॉ. सूरज प्रकाश जयंती, मीठा जल वितरण के साथ सेवा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

 

भिवाड़ी, 27 जून 2026: भारत विकास परिषद, शाखा-भिवाड़ी द्वारा शनिवार को संस्थापक प्रेरणा पुरुष डॉ. सूरज प्रकाश जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। केंद्रीय निर्देशानुसार इसी दिन से परिषद के स्थापना दिवस 10 जुलाई तक चलने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। पूरे दिन दो चरणों में आयोजित कार्यक्रमों में शाखा के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रथम चरण: मीठा जल वितरण से सेवा की शुरुआत

 सुबह ठीक 10:00 बजे हाईटेक कम्पीटेंट बिल्डर प्रा. लि., रीको भिवाड़ी परिसर में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ मीठा जल वितरण से किया गया। कार्यक्रम के संयोजक मोहन गुप्ता के नेतृत्व में परिषद सदस्यों ने भीषण गर्मी में राहगीरों, श्रमिकों एवं वाहन चालकों को शीतल मीठा जल पिलाया।

इस अवसर पर संयोजक मोहन गुप्ता ने कहा, “डॉ. सूरज प्रकाश जी का जीवन सेवा को समर्पित था। उनके जन्मदिन पर जल सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं। इसके माध्यम से हम समाज को व्यसन मुक्ति का संदेश भी दे रहे हैं। नशा छोड़ो, जल अपनाओ।” कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक लोगों को शीतल जल पिलाया गया। नगरवासियों ने परिषद के इस सेवा कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।

द्वितीय चरण: भव्य जयंती समारोह

 प्रातः 11:00 बजे बृजमोहन एण्ड एसोसिएट, रीको चौक स्थित कार्यालय पर डॉ. सूरज प्रकाश जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष विमल पंडित, कोषाध्यक्ष हर्ष कुमार माहेश्वरी एवं प्रकल्प संयोजक सीए ब्रजमोहन अग्रवाल द्वारा संस्थापक के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

शाखा अध्यक्ष विमल पंडित ने अपने उद्बोधन में कहा, “डॉ. सूरज प्रकाश जी ने 1963 में एक छोटे से बीज के रूप में भारत विकास परिषद की स्थापना की थी, जो आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। उनके दिए पंच सूत्र – सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा, समर्पण – आज भी हमारे लिए पथ प्रदर्शक हैं।”

प्रकल्प संयोजक सीए ब्रजमोहन अग्रवाल ने डॉ. साहब के जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कोषाध्यक्ष हर्ष कुमार माहेश्वरी ने सेवा पखवाड़े की रूपरेखा प्रस्तुत की। राष्ट्रीय सह समन्वयक सी ए आर के गुप्ता ने बताया कि मुख्यतः उनके आदर्श राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और संस्कार निर्माण पर आधारित थे। उनका जीवन केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने मुख्य रूप से समाज को संगठित और जागरूक बनाने का कार्य किया। पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश गर्ग ने अपने वक्तव्य में कहा कि डॉ. सूरज प्रकाश का मानना था कि सेवा बिना दिखावे के होनी चाहिए। उनका प्रसिद्ध विचार था

“प्रचार से अधिक सेवा” और यही भारत विकास परिषद का मूल आदर्श बना । पूर्व अध्यक्षा डॉ नवनीता शर्मा ने ‘भारत के दिव्य प्रकाश पुंज तुम्हें नमन ! तुम्हें नमन !’ सुंदर काव्य पाठ द्वारा डॉक्टर सूरज प्रकाश के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला । पूर्व सचिव सुनीता यादव ने बताया कि डॉक्टर सूरज प्रकाश के नेतृत्व में परिषद् ने शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, विकलांग सहायता, रक्तदान, वृक्षारोपण और समाज कल्याण के अनेक प्रकल्प शुरू किए जो आज भी परिषद द्वारा क्रियान्वित हो रहे हैं।

संकल्प एवं आगे की योजना

 समारोह के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठाकर परिषद के आदर्शों पर चलने तथा नशामुक्त, संस्कारित समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

सेवा पखवाड़े के दौरान शाखा द्वारा 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव, 3 जुलाई को नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान, 6 जुलाई को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 8 जुलाई को गुरु वंदन छात्र अभिनंदन एवं 10 जुलाई को स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन प्रकल्प संयोजक द्वारा किया गया। इस अवसर प्रांत कोषाध्यक्ष डी के गोयल ने डॉ सूरज प्रकाश जी को संस्कार का प्रेरणा स्रोत बताया साथ ही विजय गुप्ता जी ने एक बर्तन बैंक बनाने की जिम्मेदारी लेते हुए प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण की देश में एक कदम बड़ाने का संकल्प लिया इस अवसर पर मुकेश शर्मा , रूपेश सर्राफ, सी ए गुलाब अग्रवाल, सरिता अग्रवाल, निशि पंडित एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य, उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। ‎

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button