उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन, 146 विधि छात्रों को मिले प्रमाण पत्र

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 जून 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शमसुल हक ने 146 प्रतिभागी विधि छात्रों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए।
समारोह को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश ने विधि छात्रों से समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने की भावना के साथ विधि व्यवसाय को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि न्यायिक सेवा और वकालत के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अध्ययन, समयबद्धता, कठिन परिश्रम और अनुशासन अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अपनी क्षमता के अनुरूप सही करियर का चयन करने की सलाह दी। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली में अधिवक्ता के रूप में की थी। न्यायिक सेवा में आने के बाद उन्हें यह अनुभव हुआ कि एक सफल अधिवक्ता के लिए व्यावसायिक दक्षता के साथ-साथ प्रभावी संवाद कौशल और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी है।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम कमलेश कुमार ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मेहनत, ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) राम करन यादव तथा विशेष न्यायाधीश आवश्यक वस्तु अधिनियम प्रमोद कुमार गिरि ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उनके सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में डी.एम.एस.एस.पी. लॉ कॉलेज की छात्रा प्रियांशी सिंह, गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्रा श्रेया श्रीवास्तव, ए.पी.एन. पी.जी. कॉलेज की छात्रा मोहंती गुप्ता तथा मोहम्मद मुमताज सहित अन्य प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने जनपद न्यायाधीश का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग देने वाले न्यायिक अधिकारियों, जेल प्रशासन, महिला थाना, पराविधिक स्वयंसेवकों तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन कौशल किशोर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


