देशनाकोड़ाब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
नाकोड़ा जैन तीर्थ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन, स्वस्थ भारत का दिया संदेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 22 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध नाकोड़ा जैन तीर्थ में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और योग प्रेमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ और मन को शांत रखता है, बल्कि आत्मिक शक्ति प्रदान कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। आज योग विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति की पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधि गणपत बांठिया ने सभी देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को नियमित योग अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की खुशहाली और जनकल्याण की कामना के साथ किया गया।

Subscribe to my channel


