उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बस्ती में 5 से 21 जून तक होंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 04 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद बस्ती में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, विकास प्रदर्शनी, जनसंवाद, स्वास्थ्य शिविर, किसान सम्मेलन तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सहित अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी बस्ती ने कार्यालय आदेश जारी कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने तथा लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के समन्वय एवं संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अभियान के तहत 5 से 7 जून तक सभी विकास खंडों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदियों एवं नहरों के किनारे वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 8 जून को जनप्रतिनिधियों एवं नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन होगा।
12 एवं 13 जून को प्रभारी मंत्री, केंद्र सरकार के मंत्री अथवा वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और बोर्ड एवं आयोगों के पदाधिकारियों द्वारा प्रेसवार्ता तथा योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 से 16 जून तक विकास खंड स्तर पर स्वास्थ्य मेले, विभागीय प्रदर्शनियां एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
16 एवं 17 जून को “विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश” विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें राज्य स्तर पर चयनित विशेषज्ञ, प्रबुद्धजन, चिकित्सक, अभियंता, शिक्षक, उद्यमी, अधिवक्ता, युवा उद्यमी तथा एफपीओ प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
17 से 20 जून तक जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित सरकार की उपलब्धियों तथा वृहद इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर आधारित जनपद स्तरीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक एवं प्रगतिशील खेती, गौ-आधारित प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण विषयक कार्यशालाओं का आयोजन कर सफल किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम तथा सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में सामूहिक योग आयोजनों के साथ होगा।
जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिकतम जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाया जाए।
Subscribe to my channel


