उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कुवांनो नदी जीर्णोद्धार अभियान की हुई शुरुआत, जनसहभागिता से चलेगा सफाई अभियान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 04 जून 2026। जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनसहभागिता के माध्यम से कुवांनो नदी के जीर्णोद्धार अभियान का शुभारंभ गुरुवार को विकास खंड बस्ती सदर की ग्राम पंचायत मिश्रौलिया अंतर्गत सरायघाट के पास किया गया। अभियान के तहत नदी की साफ-सफाई कर इसके संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम प्रधान श्रीमती गीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरीश चंद्र गिरी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए घाट की साफ-सफाई की और अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जिस प्रकार शरीर में धमनियां रक्त का संचार करती हैं, उसी प्रकार नदियां जीवनदायिनी जलधारा के माध्यम से प्रकृति और मानव जीवन को संचालित करती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही बड़ी सभ्यताएं और नगर नदियों के किनारे विकसित हुए हैं तथा भारतीय संस्कृति में नदियों को आस्था और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नदियां अपने मूल स्वरूप को खोती जा रही हैं, जलस्तर लगातार घट रहा है और प्रदूषण के कारण उनका अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह नदियों के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से इस अभियान से जुड़ने और कुवांनो नदी को पुनः स्वच्छ एवं अविरल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरीश चंद्र गिरी, ग्राम पंचायत प्रशासक एवं ग्राम प्रधान श्रीमती गीता देवी, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) राजनारायण शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहजराम, ग्राम पंचायत अधिकारी रविशंकर शुक्ल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित यह अभियान जनसहभागिता के माध्यम से कुवांनो नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Subscribe to my channel


