उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
जनसहभागिता से शुरू हुआ कुवांनो नदी जीर्णोद्धार अभियान, ग्रामीणों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 03 जून 2026। जिला प्रशासन के तत्वावधान में बुधवार को जनसहभागिता के माध्यम से कुवांनो नदी के जीर्णोद्धार अभियान की शुरुआत की गई। विकास खंड बस्ती सदर के ग्राम पंचायत भूअर निरंजनपुर में पुलिस लाइन के पीछे स्थित बाबा की कुटिया के पास नदी घाट पर साफ-सफाई अभियान चलाकर इस महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। उनके साथ ग्राम प्रधान राम वचन, क्षेत्र पंचायत सदस्य राम अभिलाष चौहान, अशोक चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नदी घाट की सफाई कर अभियान को गति प्रदान की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जिस प्रकार शरीर में धमनियां रक्त प्रवाह बनाए रखती हैं, उसी प्रकार नदियां जीवन और पर्यावरण के लिए जल प्रवाह को निरंतर बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल की अधिकांश सभ्यताएं नदियों के किनारे विकसित हुईं और भारतीय संस्कृति में नदियां आस्था एवं चेतना का प्रतीक हैं।
उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान समय में नदियां अपना मूल स्वरूप खोती जा रही हैं, जलस्तर घट रहा है और प्रदूषण बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने सभी लोगों से कुवांनो नदी जीर्णोद्धार अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) राजनारायण शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहजराम, ग्राम पंचायत अधिकारी रविशंकर शुक्ल, राम जनम, अनीस खान, राम सजीवन चौधरी, रईश खान, सतीश, विनय चौधरी, कपिल देव चौधरी समेत अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


