उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
जनसहभागिता से शुरू हुआ कुवांनो नदी जीर्णोद्धार अभियान, शिवाघाट पर चला सफाई अभियान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 30 मई 2026 (सू.वि.)। जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनसहभागिता के माध्यम से कुवांनो नदी के जीर्णोद्धार अभियान की शुरुआत विकास खंड गौर के ग्राम पंचायत पड़री अंतर्गत स्थित शिवाघाट से की गई। अभियान के तहत घाट पर व्यापक सफाई कार्य प्रारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता जटाशंकर शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज गौतम और खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं घाट की साफ-सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया और लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता जटाशंकर शुक्ल ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जिस प्रकार शरीर में धमनियां रक्त प्रवाह का कार्य करती हैं, उसी प्रकार नदियां प्रकृति में जल प्रवाह को निरंतर बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन सभ्यताएं और बड़े नगर नदियों के किनारे ही विकसित हुए हैं तथा भारतीय संस्कृति में नदियों को आस्था और चेतना का प्रतीक माना गया है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नदियां अपने मूल स्वरूप को खोती जा रही हैं। जल स्तर में लगातार कमी आ रही है और प्रदूषण के कारण नदियों की स्थिति गंभीर होती जा रही है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह अपनी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए आगे आए।
उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से कुवांनो नदी जीर्णोद्धार अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता अमरदीप शुक्ल, ग्राम प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्य विशाल सिंह, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) चंद्रशेखर सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्याम बिहारी, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) रामललन मिश्रा, ग्राम पंचायत सचिव देवकी नंदन, अवधेश जायसवाल, प्रमोद कुमार, सूरज पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


