उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में 31 मई को होगी यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026, 12 केंद्रों पर तैयारियां पूरी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 29 मई 2026। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड. 2026 जनपद बस्ती के 12 परीक्षा केंद्रों पर 31 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र प्रतिनिधि और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा तथा उनकी सघन जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी और अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एएसपी श्याम कान्त, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र सिंह, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


