ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी की प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में भीषण आग, 150 से ज्यादा दमकल के फेरे, घंटों बाद भी नहीं पाया जा सका काबू

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में शनिवार रात एक बड़ी आग की घटना सामने आई। भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित गिरधर रोलरेप प्राइवेट लिमिटेड नामक प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री में रात करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि अब तक 150 से अधिक दमकल के फेरे लगाए जा चुके हैं, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।

फैक्ट्री परिसर में अभी भी कई जगहों पर आग धधक रही है। प्लास्टिक और केमिकल सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें पूरी रात मौके पर डटी रहीं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि आसमान में धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली कराया गया और लोगों को फैक्ट्री से दूर रहने की सलाह दी गई।

प्रशासन ने कहा है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा।

 

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button