बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

महाविद्यालय शिक्षा सहयोग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का हर्षित हवेली में भव्य आयोजन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा।

युग प्रवर्तक श्री नंदकिशोर शारदा विश्व बंधुत्व, विश्व शांति एवं मानव कल्याण मिशन के तत्वावधान में माहेश्वरी कॉलोनी स्थित हर्षित हवेली में रविवार को मणिदीप अध्यात्म परिवार द्वारा “महाविद्यालय शिक्षा सहयोग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालोतरा जिले की जरूरतमंद महाविद्यालय छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु शिक्षा सहयोग फॉर्म प्रदान किए गए तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह का मुख्य आकर्षण राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में 52वीं रैंक प्राप्त करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा भूमिका त्रिवेदी का सम्मान रहा। उन्हें साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में भूमिका त्रिवेदी ने संघर्ष, निरंतर परिश्रम, अनुशासित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता की कुंजी बताते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने प्रशासनिक सेवा की तैयारी, अध्ययन पद्धति एवं आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तृत जानकारी देकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

मणिदीप अध्यात्म परिवार सदस्य जितेंद्र आरती मंत्री ने बताया कि संस्था वर्ष 1996 से अब तक लगभग 40 हजार विद्यार्थियों को करीब 5 करोड़ रुपए की शिक्षा सहायता उपलब्ध करा चुकी है। संस्था के सहयोग से अनेक विद्यार्थी प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा बालोतरा तहसील के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भंवर लाल चांडक, सचिव पुखराज राठी एवं उनकी टीम का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर मांगीलाल चांडक, पारस गोटी, ओमप्रकाश किशन भाटी, पवनी भंडारी, उर्मिला महेश्वरी, भगवती निकेता मानधना, कवि नरेश वेद, हर्षिता ईशानी डागा, परमेश्वर वैष्णव सहित समाज के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, प्रेरणा एवं सामाजिक सहयोग की भावना से ओतप्रोत रहा।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button