बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
महावीर इंटरनेशनल ने वीर चंपालाल जैन का किया सम्मान, 90 वर्ष की आयु में भी सेवा कार्यों में सक्रिय

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा/खंडप। महावीर इंटरनेशनल अपेक्स के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी वीर चंपालाल जैन (विनायकिया) के जीवित महोत्सव के अवसर पर खंडप गांव में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महावीर इंटरनेशनल सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन करते हुए स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर सीए ओमप्रकाश बांठिया ने कहा कि 90 वर्ष की आयु में भी वीर चंपालाल जैन युवाओं की तरह समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि वीर चंपालाल जैन ने महावीर इंटरनेशनल में दो कार्यकाल तक अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं और आज भी संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय बने हुए हैं।
उन्होंने नाकोड़ा हिमाडा रिजॉर्ट में अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीर पुष्प जैन के नेतृत्व में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन का भी उल्लेख किया, जिसे जसोल केंद्र के तत्वावधान में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था। उस दौरान वीर चंपालाल जैन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही थी।
समारोह में समाजसेवी मांगीलाल एवं केवलचंद विनायकिया ने बताया कि जीवित महोत्सव के तहत 16 मई से 21 मई तक छह दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरु भगवंतों के मंगल सानिध्य में पूजा, धार्मिक अनुष्ठान, भक्ति संध्या एवं विभिन्न कार्यक्रम संपन्न हुए। आयोजन में खंडप गांव के प्रवासी नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
अहमदाबाद के समाजसेवी सुरेंद्र जीरावला ने कहा कि 90 वर्ष की आयु में भी वीर चंपालाल जैन की सक्रियता, धार्मिक आस्था और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
समारोह में महावीर इंटरनेशनल की ओर से पूर्व जोन चेयरमैन पारसमल भंडारी, पूर्व सचिव यूसुफ भांतगर, उपाध्यक्ष गौतम दांती, बाबूलाल मेहता सहित कई सदस्यों ने सम्मान किया। इसके अलावा स्थानकवासी संघ बालोतरा के मोतीलाल हुंडिया, पूर्व राजस्व मंत्री अमराराम चौधरी, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने भी समारोह में भाग लेकर सम्मान व्यक्त किया।

Subscribe to my channel


