देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए माली समाज युवा सेवा संस्थान का अनूठा अभियान, 500 परिंदों का किया वितरण

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। भीषण गर्मी के इस दौर में प्यास से तड़पते बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने और आमजन में जीव दया का संदेश प्रसारित करने के उद्देश्य से माली समाज युवा सेवा संस्थान द्वारा चलाया गया सात दिवसीय “परिंडा वितरण अभियान” भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हो गया। अभियान के तहत संस्थान द्वारा करीब 500 परिंदों का वितरण कर लोगों को पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प दिलाया गया।
संस्थान के उपाध्यक्ष पुष्पराज पंवार ने बताया कि इस पुनीत अभियान की शुरुआत 8 मई को जिला कलेक्टर परिसर से हुई थी। अभियान का शुभारंभ जिला कलेक्टर सुशील कुमार एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान द्वारा वृक्षों पर परिंदे बांधकर किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने संस्थान के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और जीव दया का संदेश दिया।
सात दिनों तक चले इस सेवा अभियान के दौरान शहर के विभिन्न मोहल्लों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंदों का वितरण किया गया। संस्थान के युवाओं ने लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और बगीचों में पक्षियों के लिए नियमित रूप से पानी रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान को समाजबंधुओं और स्थानीय नागरिकों का भरपूर समर्थन मिला।
अभियान के समापन समारोह में पूर्व विधायक मदन प्रजापत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं प्रतिपक्ष नेता महबूब भाई एवं ब्लॉक अध्यक्ष छगनलाल जोगसन ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए परिंडे लगाना केवल सामाजिक कार्य नहीं बल्कि मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने माली समाज के युवाओं की संवेदनशीलता और सेवा भावना की सराहना की।
समारोह की विशेष बात यह रही कि जीव दया के संदेश के साथ संस्कारों का भी प्रसार किया गया। “पक्षियों को पानी — गीता की अमृत वाणी” अभियान के तहत उपस्थित लोगों को पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में समाज के कई वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिनमें सूजाराम सुन्देशा, माणकचंद गहलोत, लूणचंद चौहान, राधेश्याम, श्रवण सुन्देशा, ओमप्रकाश गहलोत, महेंद्र परिहार, बाबूलाल सोलंकी, रामेश्वर पंवार, चंद्रप्रकाश गहलोत, जगदीश पंवार एवं गणपत गहलोत सहित कई लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था संरक्षक मुकेश पंवार, अध्यक्ष गजेंद्र पंवार, उपाध्यक्ष अशोक सोलंकी, कांतिलाल गहलोत, दिलीप सुन्देशा, मुकेश गहलोत, मुकेश गहलोत (जसोल), पुखराज गहलोत, भरत सुन्देशा, गिरधारी सोलंकी, दोलाराम सांखला, इंस्टाग्राम फेम मोनू मारवाड़ी, देव गहलोत सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पक्षियों के संरक्षण और इस अभियान को निरंतर जारी रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


