देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
शहर में शनि जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, निकली भव्य शोभायात्रा

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
शहर के देशात्रियों का दौरा स्थित श्री गणेश शनि मंदिर के बैनर तले श्री गणेश शनि मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को शनि जयंती महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शनि जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार रात्रि मंदिर प्रांगण में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। भक्ति रस से सराबोर इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने देर रात तक प्रभु भक्ति का आनंद लिया।
शनिवार प्रातः 9 बजे मंदिर प्रांगण में महाआरती के साथ शनि जयंती उत्सव का शुभारंभ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से सजाया गया था।
रात्रि 9 बजे हनवंत भवन से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा को अरुण चौधरी ने रवाना किया। यात्रा में सबसे आगे घोड़े पर सवार महापुरुषों के स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसके पीछे सैकड़ों बालिकाएं मंगल कलश धारण कर मधुर भक्ति गीतों के साथ चल रही थीं।
शोभायात्रा में शनि देव भगवान की आकर्षक झांकी, शिव परिवार की झांकी, श्री राधा-कृष्ण झांकी तथा राम दरबार की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजनों और ढोल-नगाड़ों की धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा के अंतिम भाग में रथ पर विराजमान शनि भगवान की तस्वीर के समक्ष पुजारी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। यह भव्य यात्रा श्री सनातन राम जी महाराज के सान्निध्य में निकाली गई, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

Subscribe to my channel


