बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

भिवानी स्टेशन पर ट्रेन मैनेजर से मारपीट के विरोध में ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल ने उठाई आवाज, सख्त कार्रवाई की मांग

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 15 मई 2026। ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल, उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा भिवानी स्टेशन पर ऑन ड्यूटी मेल-एक्सप्रेस ट्रेन मैनेजर के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर दोषी टीटीई के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

जोनल सचिव गजेन्द्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 6 मई 2026 को गाड़ी संख्या 12555 में ड्यूटी कर रहे मेल-एक्सप्रेस ट्रेन मैनेजर श्री मुकेश कुमार शर्मा को एक यात्री द्वारा टीटीई श्री बजरंग लाल कौशिक के खिलाफ अवैध वसूली की मौखिक शिकायत मिली थी। शिकायत के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे ट्रेन मैनेजर और टीटीई के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के सामने कथित रूप से मारपीट की गई। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से रेलवे की छवि धूमिल हुई है तथा ट्रेन मैनेजर्स में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि घटना के समय संबंधित टीटीई निर्धारित यूनिफॉर्म में भी नहीं थे तथा मौके पर मौजूद आरपीएफ स्टाफ भी स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रहा। परिषद ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से रनिंग स्टाफ एवं टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच सीट व्यवस्था को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बन रही है, जिससे कार्यस्थल का माहौल प्रभावित हो रहा है।

ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि संबंधित टीटीई के खिलाफ डी एंड एआर नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए, ऑन ड्यूटी ट्रेन मैनेजर्स की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी स्टाफ के लिए अनुशासनात्मक निर्देश जारी किए जाएं।

इसके अलावा परिषद ने टिकट चेकिंग स्टाफ की ड्यूटी से पहले एवं बाद में ब्रीथ एनालाइजर जांच, ऑन ड्यूटी स्टाफ की सूचना ट्रेन मैनेजर को उपलब्ध करवाने, स्पेयर ड्यूटी पर यात्रा कर रहे रनिंग स्टाफ को प्राथमिकता से सीट उपलब्ध करवाने तथा स्पेयर ड्यूटी मीमो पास को वैध यात्रा प्राधिकरण मानने की भी मांग रखी है।

परिषद ने आरपीएफ को रेलवे परिसरों में होने वाली मारपीट की घटनाओं में तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग भी उठाई है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं आईपीएफ इंटेलिजेंस, उत्तर पश्चिम रेलवे को भी प्रेषित की गई है।

इस ज्ञापन पर आर.एन. जोशी, आर.के. स्वामी, महेश कुमार, वी.के. गुप्ता, सोनू, विवेक जोशी, लोकेश सैनी, मनोज साहू, किशोर सिंह, धीरेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, परमेश्वर लाल नाई, शैलेन्द्र सिंह, वीरेंद्र जाटोलिया, नरेश कुमार, अभिषेक जोशी, हरकेश मीणा, देवेंद्र, समीर उल्लाह, विक्रम सिंह, सूर्यकांत, मुकेश आर., हजारी राम, अनिल वर्मा एवं दिलीप सहित कई कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button