उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में जनगणना 2027 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 7 मई से शुरू हुई स्व-गणना सुविधा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 07 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के तहत स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित 33 प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्र करेंगे।
उन्होंने बताया कि 7 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत लोग अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन जानकारी भर सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार स्व-गणना की व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बनेगी।
अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
बैठक में जनगणना जिला प्रभारी सुरम्या भारती ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से बताई। उन्होंने बताया कि नागरिक ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से संबंधित सभी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर राज्य चयन, मोबाइल नंबर सत्यापन, OTP, पता, पिन कोड और घर की सटीक लोकेशन दर्ज करने के बाद परिवार से जुड़े 33 सवालों के जवाब भरने होंगे। इसमें मकान की स्थिति, परिवार के सदस्य, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन, अनाज उपयोग जैसी जानकारियां शामिल हैं।
जानकारी सुरक्षित करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या (EID) जारी की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। यह नंबर SMS या ईमेल के माध्यम से भी प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक जब प्रगणक घर-घर जाएंगे, तब जिन लोगों ने पहले से स्व-गणना कर ली होगी, उन्हें अपनी EID बतानी होगी। इसके बाद प्रगणक जानकारी का सत्यापन करेंगे।
बैठक में कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel

