देशधर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना की अनूठी पहल—ग्रामवासियों को कराए हरिद्वार, ऋषिकेश एवं नीलकंठ के दर्शन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
टपूकड़ा/भिवाड़ी। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार, टपूकड़ा तहसील एवं बाबा नृसिंह दास आश्रम गायत्री शक्तिपीठ टपूकड़ा (भिवाड़ी) के तत्वावधान में ग्रामवासियों के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को हरिद्वार, ऋषिकेश एवं पवित्र नीलकंठ धाम के भव्य दर्शन लाभ प्राप्त करवाए गए।
यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए विशेष बस की व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक ग्रामवासी सनातन संस्कृति एवं तीर्थ स्थलों की आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर सकें। पूरे यात्रा मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन एवं मंत्रोच्चारण के साथ अपनी आस्था प्रकट की।
यह पावन यात्रा गायत्री शक्तिपीठ टपूकड़ा के संरक्षक श्री रामावतार कौशिक जी के सानिध्य में सम्पन्न हुई, जबकि टीटू गर्ग ने यात्रा व्यवस्थापक के रूप में सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। यात्रा में समाजसेवी डॉ. ग्याशी राम गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शशिकला गुप्ता भी श्रद्धापूर्वक सम्मिलित हुए और सभी श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूतियों को साझा किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं संस्कारमय आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से परिचित कराते हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे पवित्र तीर्थस्थल केवल धार्मिक आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय संस्कृति के जीवंत प्रतीक हैं।
डॉ. ग्याशी राम गुप्ता ने कहा कि “यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को संस्कारवान और राष्ट्रहित में समर्पित बनाना है, तो उन्हें हमारी संस्कृति, तीर्थों और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।”
पूरी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों से ओत-प्रोत रही तथा सभी श्रद्धालुओं ने इसे एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बताया। यह आयोजन समाज में संस्कार, एकता और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सुंदर प्रयास बनकर सामने आया।

Subscribe to my channel

