ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी में भारत विकास परिषद का दायित्व ग्रहण समारोह सम्पन्न, नए पदाधिकारियों ने ली शपथ

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, 02 मई 2026। भारत विकास परिषद, भिवाड़ी शाखा का सत्र 2026-27 हेतु दायित्व ग्रहण समारोह शनिवार को होटल रिजेन्सी पैलेस में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री लाखन तँवर रहे।
अतिथियों के स्वागत एवं अल्पाहार के बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वंदे मातरम् एवं गणेश वंदना के पश्चात डॉ. रूप सिंह ने शाखा परिचय प्रस्तुत किया। सत्र 2025-26 के अध्यक्ष अमित नाहटा जैन, सचिव अनिल सिंघल एवं कोषाध्यक्ष एन.के. अग्रवाल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी सदस्यों, दायित्वधारियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद नवीन अध्यक्ष विमल पंडित, सचिव डॉ. मुकेश कुमार एवं कोषाध्यक्ष हर्ष माहेश्वरी सहित समस्त पदाधिकारियों को शपथ अधिकारी श्री संदीप बाल्दी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं सीए राकेश कुमार गुप्ता ने नए सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई।
नवीन अध्यक्ष विमल पंडित ने परिषद के पंचसूत्र—सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण—को आधार बनाकर “जुड़ेंगे, जोड़ेंगे, बढ़ेंगे” के संकल्प के साथ कार्य करने की बात कही। उन्होंने युवाओं एवं मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम को सीए संदीप बाल्दी, मुख्य अतिथि लाखन तँवर, शाखा संरक्षक हरी राम शर्मा एवं संयोजक प्रवीन लाम्बा ने भी संबोधित किया। इस दौरान बच्चों एवं महिला सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अर्चना नाकरा एवं श्रीमती नवनीता शर्मा ने किया, जबकि अंत में नवीन सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने सभी अतिथियों, पत्रकारों, कैमरामैन साथियों, होटल प्रबंधन एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, तत्पश्चात सहभोज का आयोजन किया गया।
समारोह में राष्ट्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों सहित नगर के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में परिषद परिवार के सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


