देशधर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी में सीता माता जन्मोत्सव पर भव्य सांस्कृतिक आयोजन, मिथिलांचल की परंपरा से सराबोर हुआ माहौल

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। बाल वाटिका परिसर में मिथिलांचल एकता समिति द्वारा माता सीता के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिथिलांचल की संस्कृति, परंपरा और लोक जीवन की झलक देखने को मिली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
समिति के अध्यक्ष श्री के.के. झा ने जानकारी देते हुए बताया कि माता सीता की जयंती के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मिथिलांचल के प्रसिद्ध लोक कलाकार मीनाक्षी ठाकुर और महादेव जी (दिल्ली) ने विशेष प्रस्तुति दी, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विविध झलकियां देखने को मिलीं, जिनमें लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। पूरा कार्यक्रम मिथिलांचल की सांस्कृतिक खुशबू से सराबोर रहा। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर मिथिलांचल के पारंपरिक व्यंजनों का भी स्टॉल लगाया गया, जहां लोगों ने क्षेत्रीय भोजन का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल भिवाड़ी के अध्यक्ष नरेंद्र खटाना (पार्षद) एवं गगन तंवर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में पूर्वांचल ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष अरुण पांडे, संरक्षक उमापति भारद्वाज, कोषाध्यक्ष नर्मदेश्वर जी, विप्रसेना के अध्यक्ष अशोक कौशिक, महासचिव धर्मेंद्र जी तथा विकास पटेल सहित मिथिलांचल एकता समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


