उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, विभिन्न मामलों का होगा निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 23 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
जनपद बस्ती में आगामी 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर संपन्न होगा।
यह जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा, जिससे लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिनमें आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित मामले, बैंक वसूली प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम एवं पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामले, विद्युत एवं जलकर विवाद (चोरी से जुड़े मामलों सहित), सेवा संबंधी वेतन व सेवानिवृत्ति लाभ विवाद, राजस्व वाद तथा अन्य सिविल मामलों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष, आर्बिट्रेशन (हायर पर्चेज एग्रीमेंट से उत्पन्न विवाद) जैसे मामलों का भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
प्राधिकरण की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत कर शीघ्र और सरल न्याय का लाभ उठाएं।
Subscribe to my channel

