ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी में मदरसन प्लांट पर मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, वेतन वृद्धि व व्यवहार सुधार की मांग; भारी पुलिस बल तैनात

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी। पथरेडी औद्योगिक क्षेत्र स्थित मदरसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट पर मंगलवार सुबह बड़ा श्रमिक प्रदर्शन देखने को मिला। सुबह करीब 7 बजे से ही सैकड़ों मजदूर हड़ताल पर उतर आए और देखते ही देखते 1000 से 2000 के बीच महिला व पुरुष कर्मचारी कंपनी गेट पर एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने वेतन में उचित वृद्धि, काम के घंटों में सुधार और कंपनी के अधिकारियों के कथित अभद्र व्यवहार, मारपीट व धमकियों पर रोक लगाने की मांग की। मजदूरों का आरोप है कि उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देकर दबाव बनाया जाता है। कंपनी में कार्यरत करीब 8000 कर्मचारियों में से बड़ी संख्या धरने में शामिल रही।

स्थिति को देखते हुए राजस्थान पुलिस की ओर से भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। चोपानकी थाना अधिकारी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल धरना जारी है, हालांकि किसी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ की सूचना नहीं है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। कंपनी प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराने की कोशिश कर रहा है। गौरतलब है कि यह प्रदर्शन अकेली घटना नहीं है। इससे एक दिन पहले नोएडा स्थित कंपनी के प्लांट सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी मजदूरों के प्रदर्शन हुए थे, जहां कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। कंपनी प्रबंधन ने इन घटनाओं को उद्योग-व्यापी मुद्दा और गलत सूचनाओं से प्रेरित बताया है।

इसी क्रम में सोमवार को भिवाड़ी की सुप्राजित इंजीनियरिंग कंपनी में भी मजदूरों ने गेट पर प्रदर्शन किया था, जहां पुलिस द्वारा भीड़ हटाने के दौरान लाठीचार्ज और हिरासत की कार्रवाई की गई थी। करीब पांच घंटे तक चले गतिरोध के बाद प्रबंधन, ठेकेदार और मजदूरों के बीच समझौते से मामला शांत हुआ।

भिवाड़ी व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन, महंगाई और कार्य परिस्थितियों को लेकर श्रमिक असंतोष बढ़ता नजर आ रहा है। प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने और समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं, लेकिन फिलहाल किसी ठोस समझौते की सूचना नहीं है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button