भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर बीएमए और पुलिस प्रशासन में अहम चर्चा
तिजारा/भिवाड़ी, 7 अप्रैल 2026।
भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (बीएमए) के अध्यक्ष चौ. जसवीर सिंह राणा, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान व जी एल स्वामी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश उपाध्याय (आईपीएस) का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर बीएमए पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र की वर्तमान कानून व्यवस्था एवं बढ़ते साइबर अपराधों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने पुलिस विभाग में संसाधनों की वृद्धि और गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र तीन ओर से हरियाणा सीमा से जुड़ा होने के कारण चोरी जैसी घटनाओं के बाद अपराधी आसानी से सीमा पार कर जाते हैं, जिससे उन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश उपाध्याय ने औद्योगिक इकाइयों और आमजन को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भिवाड़ी क्षेत्र में कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान बीएमए के उपाध्यक्ष अनुपम शुक्ला, राजवीर सिंह, अजित सिंह देशवाल, जी एल स्वामी, अरुण त्यागी और पी.सी. राय सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।