खैरथल- तिजारादेशब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
प्रशासन के दावों के बीच गैस के लिए जद्दोजहद, 6 माह के बच्चे को तख्त पर सुलाकर घंटों लाइन में खड़ी रही महिला

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, भिवाड़ी 13 मार्च। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता के प्रशासनिक दावों के बीच भिवाड़ी में शुक्रवार सुबह एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं और कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा।
सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच एक महिला अपने छह माह के बच्चे को तख्त पर सुलाकर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़ी रही। तीन से चार घंटे तक इंतजार करने के बाद भी उसे गैस सिलेंडर नहीं मिल सका और अंततः वह निराश होकर वापस लौट गई। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए पीड़ा और बेबसी का प्रतीक बन गया।
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि भिवाड़ी में जैसे ही गैस सिलेंडरों से भरी गाड़ी पहुंचती है, सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। कई लोगों का कहना था कि वे पिछले चार दिनों से सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं। बुधवार सुबह करीब चार बजे से लाइन में लगे रहने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल पाई।
लोगों का कहना है कि नियमित आपूर्ति नहीं होने से घरों में चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो गया है। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि एजेंसी पर गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति भी नियमित रूप से की जा रही है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं की शिकायत है कि उन्हें सिलेंडर लेने के लिए घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है। इधर जिले में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। हालांकि शुक्रवार सुबह भिवाड़ी में लगी लंबी कतारें और परेशान उपभोक्ताओं की तस्वीरें प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत के बीच फर्क को साफ तौर पर उजागर करती नजर आईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि छोटे वाहनों में सिलेंडर भरकर अज्ञात स्थानों पर डिलीवरी की जा रही है, जबकि आम उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन बाद सप्लाई देने की बात भी लोगों को खटक रही है, जबकि संबंधित क्षेत्र शहरी दायरे में आता है। ऐसे में गैस आपूर्ति को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं और लोग प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने तथा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।

Subscribe to my channel


