ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी, दरवाजा तोड़ 38 वर्षीय महिला की बचाई जान; जिला अस्पताल में उपचार के बाद स्थिति सामान्य।

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी।
भिवाड़ी में पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता ने एक परिवार को उजड़ने से बचा लिया। अरावली विहार सेक्टर-14 स्थित मकान नंबर 48 में रहने वाली 38 वर्षीय गुंजन पत्नी राजू ने शुक्रवार को आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते पहुंची भिवाड़ी पुलिस ने साहसिक कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार गुंजन अपने घर के कमरे में फांसी लगाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान किसी सजग पड़ोसी ने संदिग्ध परिस्थिति को भांपते हुए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिवाड़ी मोड़ चौकी पर तैनात एसएसआई प्रवीण कुमार ने बिना विलंब किए हेड कॉन्स्टेबल विकास और आरएसी जवान मांगीलाल को मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम जब घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जवानों ने तत्काल दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। महिला फंदा लगाने ही वाली थी कि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में लिया और नीचे उतारकर प्राथमिक सहायता प्रदान की। इसके बाद तुरंत जिला अस्पताल भिवाड़ी ले जाया गया।
जिला अस्पताल के इंचार्ज डॉ. सागर अरोड़ा ने बताया कि महिला को समय पर अस्पताल लाया गया, जिससे उसकी स्थिति अब सामान्य है। चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।
गुंजन एक निजी विद्यालय में शिक्षिका है, जबकि उसके पति राजू एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। दंपती अपने एक बच्चे के साथ उक्त मकान में निवास करते हैं।
इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भिवाड़ी पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें वास्तविक अर्थों में ‘जीवनरक्षक’ बताया।

Subscribe to my channel


