उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में हवाई हमले से बचाव हेतु मॉकड्रिल का आयोजन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 22 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर 23 जनवरी 2026 को बस्ती शहर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सायंकाल 06:00 बजे से 06:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि यह मॉकड्रिल हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस अभ्यास में सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से कहा कि निर्धारित समय में अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों की सभी बाहरी एवं भीतरी लाइटें पूर्णतः बंद रखें, बालकनी, छत और खिड़कियों से किसी भी प्रकार का प्रकाश बाहर न जाने दें। अनावश्यक वाहन आवागमन से बचें और केवल अत्यंत आपातकाल में ही यात्रा करें। वाहन चलाते समय हेडलाइट या तेज प्रकाश का प्रयोग न करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यह केवल एक मॉकड्रिल है, अतः घबराने की आवश्यकता नहीं है।
प्रभारी उपनियंत्रक, नागरिक सुरक्षा ने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान सायरन का उपयोग किया जाएगा। शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी के लिए दो मिनट तक तेज आवाज में सायरन बजेगा। इसके बाद निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बंद कर पूर्ण ब्लैकआउट किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा अभ्यास में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों या शेल्टरों में शरण लेने का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही, हमले के काल्पनिक परिदृश्य के बाद राहत कार्य जैसे आग बुझाना, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देना और मलबे से लोगों को निकालने का अभ्यास भी कराया जाएगा।
अंत में ऑल क्लियर सायरन बजेगा, जिससे खतरा समाप्त होने का संकेत मिलेगा और जनजीवन सामान्य रूप से पुनः प्रारंभ होगा।
Subscribe to my channel


