खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जिले के 34 गिरदावर सर्किलों पर होगा ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन

*ग्रामीणों को सुनिश्चित होगा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ*

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 21 जनवरी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) -2026’ का आयोजन करने के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। ग्राम के इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के क्रम में प्रदेश के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर 23 जनवरी से ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि शिविर दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर 23 जनवरी को प्रथम चरण की शुरूआत होगी, जिसमें 24, 25 व 31 जनवरी को शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, दूसरे चरण में 1 फरवरी एवं 5 से 9 फरवरी तक इनका आयोजन होगा। इस प्रकार 10 दिनों तक जिले में 34 शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक प्रदेशभर में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों से पहले 22 जनवरी को ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को ग्राम उत्थान शिविरों में होने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।

*तार बंदी से लेकर सौर पम्प संयंत्र की मिलेगी स्वीकृति*

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को शिविरों में तार बंदी, पाईप लाईन, फार्म पौण्ड, बैलों से खेती योजना के अन्तर्गत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृतियां, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, बीज मिनिकिट वितरण का सत्यापन करने के साथ ही फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सौर पम्प संयंत्र इत्यादि की स्वीकृतियां और मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न विभाग के अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड एवं नए कस्टम हायरिंग सेंटर संबंधी कार्य, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालकों का पंजीकरण एवं स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करना, फर्टिलिटी किटों का वितरण, प्राइमरी डेयरी कॉपरेटिव सोसायटी एवं डेयरी कॉपरेटिव सोसायटी के पंजीयन के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अन्तर्गत निर्मित आवासों में लाभार्थियों का गृहप्रवेश करवाने के साथ-साथ वीबी जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार और पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना का सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने स्वामित्व कार्डों का वितरण, नहरों एवं खालों की मरम्मत की आवश्यकताओं का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत पंजीकरण एवं युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य कार्य को पूर्ण कर पात्र लाभार्थी को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

*12 विभागों की योजनाओं का मिलेगा लाभ*

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित 12 विभाग भाग लेंगे। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को शिविरों का नोडल विभाग बनाया गया है, जो सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए इन शिविरों के माध्यम से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी तहसीलदार एवं विकास अधिकारी को शिवरों में आवश्यक समन्वय करते हुए इनका सफल संचालन करवाने के निर्देश दिए।

विशेष शिविरों के प्रथम दिन 23 जनवरी को मुंडावर तहसील के अंबेडकर भवन, किशनगढ़ बास तहसील के अटल सेवा केंद्र, तिजारा तहसील के पंचायत समिति परिसर, टपूकड़ा तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटकासिम तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरसोली तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल की ग्राम पंचायत नूरनगर के अटल सेवा केंद्र में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, विकास अधिकारी मुंडावर संजय यादव, तहसीलदार एलआर अजय कुमार, तहसीलदार अभिषेक यादव, तहसीलदार शैतान सिंह यादव, तहसीलदार मुंडावर विवेक, तहसीलदार हरसोली वीरेंद्र सिंह, तहसीलदार तिजारा कृष्ण कुमार यादव, तहसीलदार कोटकासिम, सहायक निदेशक कोऑपरेटिव वेद प्रकाश सैनी, सहायक निदेशक हॉर्टिकल्चर गोपाल मीणा, शाखा प्रबंधक खैरथल शेष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button